बुलडोजर के खिलाफ सड़कों पर उतरा मनोहरटांड, सिंदरी बचाओ मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

बुलडोजर के खिलाफ सड़कों पर उतरा मनोहरटांड, सिंदरी बचाओ मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

सिंदरी। एफसीआईएल प्रशासन द्वारा मनोहरटांड स्थित आवासीय क्वार्टरों को तोड़े जाने के नोटिस के खिलाफ रविवार को जन आक्रोश फूट पड़ा। आशियाना छिनने की आशंका से उद्वेलित सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने लगान ग्राउंड में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

स्थानीय लोगों के बुलावे पर सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा के संयोजक रवींद्र प्रसाद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि एकजुट संघर्ष के बल पर ही इस कार्रवाई को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्वार्टरों को बचाने के लिए आरामतलबी छोड़कर सड़कों पर उतरना होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठित विरोध के आगे प्रशासन को झुकना पड़ेगा और किसी भी सूरत में मनोहरटांड को खाली नहीं होने दिया जाएगा।

आंदोलन के दौरान स्थानीय लोगों के बीच भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर चर्चाएं भी शुरू हो गईं। ग्रामीणों का आरोप था कि जब तक महाप्रबंधक (जीएम) और अधिकारियों को पैसे मिलते रहे, तब तक क्वार्टर तोड़ने की कोई बात नहीं हुई। आरोप है कि जीएम, अन्य अधिकारी और होमगार्ड के जवान पैसे लेकर लोगों को क्वार्टरों में बसाते रहे। आज जब लोगों ने पैसे देना बंद कर दिया, तो अचानक उन्हें हटाने और क्वार्टर तोड़ने का फरमान जारी कर दिया गया। आक्रोशित लोगों का कहना है कि यदि जीएम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराई जाए, तो इस पूरे भ्रष्टाचार का दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

बैठक में उपस्थित सभी नागरिकों ने एक स्वर में क्वार्टरों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर सहमति जताई। इस दौरान रंजना शर्मा, अनामिका तिवारी, सतीश मिश्रा, पवन शर्मा, अशोक शर्मा, प्रकाश लाला, शशि सिंह, ललित चौबे, नीतीश सिन्हा, इमरान, लड्डू डेबिट और उत्तम समेत सामूहिक मोर्चा के कई सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000