तीखा समाचार: सिंदरी के डोमगढ़ से DL2 क्षेत्र तक फैला अवैध कोयला तस्करी का साम्राज्य, बलियापुर के लालादी कोयला भट्ठा तक खपाया जा रहा काला सोना और पुलिस कर रही आंखों पर पट्टी बंद

तीखा समाचार: सिंदरी के डोमगढ़ से DL2 क्षेत्र तक फैला अवैध कोयला तस्करी का साम्राज्य, बलियापुर के लालादी कोयला भट्ठा तक खपाया जा रहा काला सोना और पुलिस कर रही आंखों पर पट्टी बंद

धनबाद के सिंदरी
धनबाद जिले के सिंदरी थाना क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी और खतरनाक उत्खनन का काला कारोबार अब पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि यह अवैध खेल किसी रात के अंधेरे में नहीं, बल्कि सुबह 4 बजे से लेकर संध्या के 7 बजे तक दिनदहाड़े सरेआम चल रहा है। एक तरफ अधिकारी कागजों पर सब कुछ ठीक होने का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ जमीन पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
सिंदरी थाना क्षेत्र के डोमगढ़ स्थित KTMPL के ओबी डंप पर डंपिंग के दौरान निकलने वाले कोयले और बड़े-बड़े चट्टानों जैसे ढेलों को लोग अपनी जान जोखिम में डालकर चुन-चुनकर बोरियों में भरते हैं। इस दौरान ढलान से भारी पत्थर और चाल गिरने से कई स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। आरोप है कि हर बार ऐसे हादसों के बाद मामले को आपसी साठगांठ और लीपापोती कर दबा दिया जाता है, ताकि यह अवैध धंधा बिना रुकावट चलता रहे।
डोमगढ़ से लेकर DL2 क्षेत्र तक अगर घूमकर बारीकी से देखा जाए, तो हर तरफ अवैध कोयले का भंडारण और अवैध धंधे का काला जाल साफ नजर आएगा। इस पूरे बेल्ट में जगह-जगह अवैध कोयले का भंडारण कर सैकड़ों बोरियां छिपाकर रखी गई हैं। इन ठिकानों से लगातार कोयला निकालकर टोटो में लादा जाता है और दिनदहाड़े बलियापुर की ओर धड़ल्ले से तस्करी कर भेजा जा रहा है। सिंदरी से अवैध तरीके से ढोया गया यह कोयला मुख्य रूप से बलियापुर के लालादी कोयला भट्ठा में खपाया जा रहा है, जहाँ धड़ल्ले से अवैध माल की खपत हो रही है। इस तस्करी के खेल में महिलाओं को भी आगे रखा जाता है। क्षमता से अधिक लोड होने के कारण टोटो के अनियंत्रित होकर पलटने का खतरा हर पल बना रहता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। आखिर इस जानलेवा खेल को किसका संरक्षण प्राप्त है, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही
सबसे बड़ा सवाल सिंदरी पुलिस और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठता है। एक तरफ बोकारो डीआईजी, धनबाद एसएसपी और सिंदरी एसडीपीओ को लगातार यह क्लीन चिट भेज दी जाती है कि क्षेत्र में अवैध कोयले या ऐसी किसी भी गतिविधि का नामो-निशान तक नहीं है। जब जागरूक नागरिक CPGRAMS पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराते हैं, तो उन्हें भी रटा-रटाया और गोलमटोल जवाब देकर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है। अब जब डोमगढ़ से DL2 तक सुबह 4 बजे से शाम 7 बजे तक चल रहे इस अवैध खेल के जीपीएस और लाइव लोकेशन वाले फोटो-सबूत सामने आ चुके हैं, तो क्या प्रशासन अब भी कुंभकर्णी नींद में सोया रहेगा
क्षेत्र की जनता अब प्रशासनिक अधिकारियों से यह तीखा सवाल पूछ रही है कि क्या पुलिस विभाग किसी बड़े हादसे और जान-माल के नुकसान का इंतजार कर रहा है? अब वक्त आ गया है कि कागजी लीपापोती और झूठी रिपोर्टों का दौर बंद हो। उच्चाधिकारी खुद इस मामले का संज्ञान लें, डोमगढ़ और DL2 क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर चल रहे अवैध कोयला भंडारण, ओबी डंप तथा बलियापुर के लालादी कोयला भट्ठा तक पहुँचने वाले इस अवैध नेटवर्क पर सख्त पहरा बैठाएं, और इस काले कारोबार को संरक्षण देने वाले जिम्मेदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर अपनी नींद तोड़ें

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000