निरसा में खाकी और कोयला माफियाओं का गठजोड़ उजागर: दिनदहाड़े जीटी रोड पर दौड़ रहे अवैध कोयले के ट्रैक्टर, स्थानीय ग्रामीणों का फूटा गुस्सा कहा पुलिस पहन ले चूड़ियां

निरसा में खाकी और कोयला माफियाओं का गठजोड़ उजागर: दिनदहाड़े जीटी रोड पर दौड़ रहे अवैध कोयले के ट्रैक्टर, स्थानीय ग्रामीणों का फूटा गुस्सा कहा पुलिस पहन ले चूड़ियां

राकेश पांडे, विशेष संवाददाता, जोशी न्यूज़
धनबाद। निरसा

धनबाद जिले के निरसा क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। कोयला माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे रात के अंधेरे की जगह दिनदहाड़े मुख्य सड़कों पर धड़ल्ले से अवैध कोयले की ढुलाई कर रहे हैं। बुधवार को निरसा हटिया मोड़ और दिनदारा हाईवे पर अवैध कोयले से लदे ट्रैक्टरों के कारण भीषण जाम लग गया, जिससे जीटी रोड के दोनों लेन पूरी तरह ठप हो गए और राहगीरों तथा वाहन चालकों को घंटों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस खुली अराजकता को देखकर स्थानीय ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। निरसा के स्थानीय ग्रामीणों ने कड़े शब्दों में जिला और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए सीधे तौर पर धनबाद के एसएसपी, निरसा थाना प्रभारी और निरसा एसडीपीओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
गुस्साए ग्रामीणों ने दोटूक अंदाज में कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध कोयला चोरी और तस्करी नहीं संभल रही है, तो अधिकारी कुर्सी छोड़कर घर बैठ जाएं और चूड़ियां पहन लें। जनता के टैक्स के पैसों पर पलने वाले ये अधिकारी अपनी ड्यूटी ठीक से न निभाकर आखिर क्यों जनता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निरसा हटिया मोड़ के पास अवैध कोयले से लदे ट्रैक्टरों की वजह से लगे इस महाजाम ने पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या खाकी की मिलीभगत के बिना मुख्य मार्ग से इस तरह खुलेआम अवैध कोयले का परिवहन संभव है? जनता पूछ रही है कि क्या पुलिस-प्रशासन को इस बात की भनक तक नहीं है, या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है आखिर कब जागेगी कुंभकर्णी नींद में सोई हुई पुलिस और कब थमेगा निरसा में अवैध कोयले का यह काला खेल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके की राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। जनता और स्थानीय लोग अब पूर्व विधायक एवं क्षेत्र के दिग्गज नेता अरूप चटर्जी की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। जनता का सीधा सवाल है कि इस गंभीर जनसमस्या और माफिया राज के खिलाफ अरूप चटर्जी अब तक खामोश क्यों हैं और जनता की इस बदहाली पर वे कोई सुध क्यों नहीं ले रहे हैं।
निरसा की सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे ये कोयला लदे ट्रैक्टर इस बात का पुख्ता सबूत हैं कि खनन माफियाओं और प्रशासनिक संरक्षण का गठजोड़ किस हद तक मजबूत हो चुका है। अब देखना यह होगा कि धनबाद के वरीय पुलिस अधिकारी इस तीखी और बेबाक रिपोर्ट के बाद क्या ठोस कदम उठाते हैं या फिर मामले को हमेशा की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000