खाकी सुस्त, चोर चुस्त: सुदामडीह-पाथरडीह में पुलिसिया गश्ती फेल, CISF पोस्ट के बगल में चंडी मंदिर और BCCL की पाइपलाइन साफ, सो नहीं पा रही जनता

खाकी सुस्त, चोर चुस्त: सुदामडीह-पाथरडीह में पुलिसिया गश्ती फेल, CISF पोस्ट के बगल में चंडी मंदिर और BCCL की पाइपलाइन साफ, सो नहीं पा रही जनता
​सुदामडीह/पाथरडीह:
​कोयलांचल के सुदामडीह और पाथरडीह थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर नजर आ रही है। पुलिसिया गश्ती और सुरक्षा के दावों को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने पूरे इलाके में समानांतर सरकार चला रखी है। बेलगाम हो चुके चोरों के आतंक से स्थानीय जनता त्रस्त है और लोगों की रातों की नींद हराम हो चुकी है। एक के बाद एक हो रही ताबड़तोड़ वारदातों ने स्थानीय पुलिस की सुस्ती और निकम्मेपन को सरेआम बेनकाब कर दिया है, जिससे अब आम जनता का धैर्य जवाब दे रहा है।
​ताजा मामला सुदामडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 51 का है, जहां बीते 14 जुलाई 2026 की रात चोरों ने बीसीसीएल की सरकारी संपत्ति को निशाना बनाया। चोर बेखौफ होकर पानी सप्लाई की पाइपलाइन काट कर ले उड़े। इस दुस्साहस को लेकर क्षेत्र के दो पुरुषों और एक महिला ने मीडिया के सामने आकर पुलिसिया लापरवाही के खिलाफ अपना तीखा आक्रोश दर्ज कराया है। स्थानीय वार्ड पार्षद बीरेंद्र कुमार, रंजू देवी, राजू रवानी और सवालडीह बस्ती के निवासियों ने इस पर तीखी नाराजगी जाहिर की है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि क्षेत्र में चोरों का हौसला इस कदर बढ़ गया है कि अब रात को चैन से सोना भी दूभर हो गया है। इसी रात चोरों ने एक बिजली का पोल भी उखाड़कर ले जाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की आहट पाकर वे इसे अंजाम देने में नाकाम रहे।
​चोरों का यह दुस्साहस यहीं नहीं रुका। इससे ठीक एक दिन पहले, यानी 13 जुलाई 2026 की रात को पाथरडीह और चासनाला थाना क्षेत्रों में चोरों ने जमकर तांडव मचाया था। मोहन बाजार के कई घरों को खंगालने के साथ-साथ चोरों ने भाटडीह बस्ती के आगे शिप्रा मुखर्जी के घर में भी हाथ साफ कर दिया। हद तो तब हो गई जब चोरों ने पाथरडीह कोल वाशरी सीआईएसएफ चेक पोस्ट के बिल्कुल बगल में स्थित चंडी मंदिर को भी नहीं बख्शा। सीआईएसएफ जैसे केंद्रीय सुरक्षा बल की नाक के ठीक नीचे स्थित मंदिर में चोरी होना यह साबित करने के लिए काफी है कि चोरों के मन से खाकी का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।
​इन ताबड़तोड़ चोरियों और हर तरफ से घिरने के बाद आखिरकार पुलिस प्रशासन की नींद खुली है। पाथरडीह के सवालडीह बस्ती में बड़ा टावर के समीप संचालित एक लोहा गोदाम में पुलिस द्वारा आनन-फानन में छापेमारी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र से चोरी हो रही बीसीसीएल की पाइपें और अन्य कीमती लोहे के उपकरण इसी गोदाम में खपाए जा रहे थे। स्थानीय जनता ने अब पुलिस प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि तुरंत नाइट पेट्रोलिंग दुरुस्त कर चोरों और इस सिंडिकेट को चलाने वाले लोहा माफियाओं को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो उग्र आंदोलन की चिंगारी भड़कना तय है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000