मंदिरों में ताला तोड़ चोरी, आस्था पर चोट: चासनाला के प्राचीन कल्याणेश्वरी मंदिर परिसर से हजारों की संपत्ति गायब

मंदिरों में ताला तोड़ चोरी, आस्था पर चोट: चासनाला के प्राचीन कल्याणेश्वरी मंदिर परिसर से हजारों की संपत्ति गायब

आस्था के केंद्रों पर बेखौफ अपराधियों का प्रहार जारी है। पाथरडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चासनाला स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन माता कल्याणेश्वरी मंदिर, शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर को बीती रात अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। बेखौफ चोरों ने मंदिरों के ताले तोड़कर पीतल के बर्तन, पूजा की थालियां और कई छोटी-बड़ी घंटियां पार कर दीं।

घटना का खुलासा आज तड़के उस वक्त हुआ जब सुबह लगभग पांच बजे मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर प्रवेश करने पर मंदिर का सारा कीमती सामान गायब मिला।

तीस से चालीस हजार के सामान पर हाथ साफ

कल्याणेश्वरी मंदिर के पुजारी अमरनाथ ओझा ने बताया कि चोरों ने माता रानी के दरबार को भी नहीं बख्शा। चोरी गए पीतल के घंटों और पूजा बर्तनों की अनुमानित कीमत तीस हजार से चालीस हजार रुपये के बीच है। वहीं शिव मंदिर के पुजारी सुबोध ओझा ने पुष्टि की कि शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर परिसर से भी पीतल की सामग्रियां चोरी हुई हैं।

मौके से मिला लाइटर, पुलिस जांच में जुटी

घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पाथरडीह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को मंदिर परिसर से एक लाइटर मिला है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है।

सुरक्षा पर उठे सवाल: तीन-चार साल पहले भी हुई थी चोरी

स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन से चार साल पहले भी मंदिर में इसी तरह चोरी की घटना हुई थी, जिसे तत्कालीन गौशाला थाना पुलिस ने सामान बरामद कर सुलझा लिया था। इसके बावजूद इतने बड़े धार्मिक स्थल पर न तो अंदर और न ही बाहर तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरे की कोई व्यवस्था की गई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

फिलहाल पाथरडीह पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश में जुट गई है। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इन असामाजिक तत्वों को सलाखों के पीछे भेजती है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000