ऑपरेशन WILEP: दून एक्सप्रेस से 78 दुर्लभ जीवित कछुओं की बड़ी खेप बरामद, RPF और CIB की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी

धनबाद पूर्व मध्य रेल के धनबाद रेल मंडल में वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल और सीआईबी की टीम को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन वाइलेप के तहत चलाए गए विशेष अभियान के दौरान धनबाद स्टेशन पर योग नगरी ऋषिकेश हावड़ा दून एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13010) से भारी मात्रा में दुर्लभ प्रजाति के 78 जीवित कछुए लावारिस हालत में बरामद किए गए।

मध्य रात्रि स्टेशन पर सघन चेकिंग, ट्रेन के जनरल कोच से मिले चार संदिग्ध बैग प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के कुशल निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक (रेसुबल पोस्ट, धनबाद) के नेतृत्व में गठित टास्क टीम तथा सीआईबी धनबाद के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात करीब ढाई बजे जैसे ही दून एक्सप्रेस धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंची, टीम ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान इंजन से दूसरे जनरल कोच (कोच संख्या आईआर 201142 सी) में लावारिस अवस्था में पड़े दो कपड़े के थैले और दो पिठ्ठू बैग बरामद हुए। जब आसपास के यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की गई, तो किसी ने भी उस पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया और न ही कोई जानकारी होने की बात स्वीकार की।

जूट के बोरों की टटोल से खुला तस्करी का राज संदेश गहराने पर जब जवानों ने बैगों को टटोलकर देखा, तो उनके अंदर किसी जीव की मौजूदगी का अहसास हुआ। समय के अभाव और सुरक्षा कारणों से चारों बैगों को प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। जब उन्हें खोलकर बारीकी से जांच की गई, तो बैगों में जूट के बोरों के भीतर रखे गए दुर्लभ प्रजाति के कुल 78 जीवित कछुए मिले।

बरामदगी का ब्योरा सफेद कपड़े के थैले से 31 जीवित कछुए मिले। डेनिम रंग के पिठ्ठू बैग से 16 जीवित कछुए निकले। हरे रंग के पिठ्ठू बैग से 19 जीवित कछुए मिले और नीले रंग के बैग से 12 जीवित कछुए बरामद हुए। इस प्रकार कुल 78 इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के जीवित कछुए जब्त किए गए।

वन विभाग को सौंपे गए कछुए, तस्करों की तलाश जारी रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने तड़के तीन बजकर दस मिनट पर नियमानुसार सभी 78 जीवित कछुओं को जब्त कर धनबाद पोस्ट लाया। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के कड़े प्रावधानों के तहत कछुओं को सुरक्षा प्रदान करते हुए, आगे की कानूनी और वन्यजीव संरक्षण कार्रवाई के लिए उन्हें वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

तस्कर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। अज्ञात तस्करों का सुराग लगाने के लिए स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आगे की जांच की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली गश्ती टीम इस सफल ऑपरेशन में उप निरीक्षक मनीषा कुमारी, सहायक उप निरीक्षक शिवजी राय, प्रधान आरक्षी बाबुलेश कुमार, आरक्षी संजीव कुमार और सीआईबी के आरक्षी अमित कुमार वर्मा की मुख्य भूमिका रही।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000