निर्दोष ग्रामीणों पर दर्ज फर्जी मुकदमे अविलंब वापस लिए जाएं, अन्यथा होगा व्यापक जनआंदोलन अनीता देवी

निर्दोष ग्रामीणों पर दर्ज फर्जी मुकदमे अविलंब वापस लिए जाएं, अन्यथा होगा व्यापक जनआंदोलन अनीता देवी

अनीता देवी। उपाध्यक्ष, जिला परिषद, लातेहार

नवादा ग्राम में आज ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 27 मई 2026 को कोयला परिवहन के दौरान हुई दुर्घटना, ग्रामीणों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों तथा क्षेत्र में संचालित कोयला परिवहन से उत्पन्न सुरक्षा संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नवादा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित हुए।

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि 27 मई की संध्या में कोयला परिवहन के दौरान एक हाईवा वाहन से कोयले का बोल्डर गिर जाने के कारण एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण ढंग से सुरक्षा एवं न्याय की मांग उठाई, लेकिन दोषी कंपनी पर कार्रवाई के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे ग्रामीणों पर मुकदमे दर्ज कर दिए गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि ग्रामीणों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को अविलंब वापस लिया जाए, घायल बच्चे के समुचित उपचार एवं उचित मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों एवं संबंधित कंपनी प्रबंधन के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि कंपनी के परिवहन मार्ग, परमिट एवं अन्य वैधानिक स्वीकृतियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि संबंधित मार्ग से कोयला परिवहन की वैध अनुमति उपलब्ध नहीं है, तो गांव की सड़क से कोयला परिवहन तत्काल बंद कराया जाए तथा कंपनी को वैकल्पिक मार्ग अथवा पृथक परिवहन कॉरिडोर विकसित करने का निर्देश दिया जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि ग्रामीण केवल अपनी सुरक्षा, सम्मान और न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल बच्चे को न्याय दिलाने के बजाय यदि ग्रामीणों की आवाज को मुकदमों के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत होगा।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा निर्दोष ग्रामीणों को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।

बैठक में जिला परिषद प्रतिनिधि शिवनाथ रजक, विजय उरांव, सांसद प्रतिनिधि देवनंदन साहू, विकास कुमार, नवादा पंचायत की मुखिया, किशुन भुइयां, बिट्टू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000