धनबाद कांग्रेस में नहीं है कोई विवाद, सभी मिलकर करेंगे संगठन को मजबूत : जांच समिति

धनबाद कांग्रेस में नहीं है कोई विवाद, सभी मिलकर करेंगे संगठन को मजबूत : जांच समिति

धनबाद, 13 जून 2026।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा संगठन में अनुशासनहीनता एवं आपसी मतभेदों की जांच तथा समाधान के उद्देश्य से गठित जांच समिति के सदस्य सुरेंद्र सिंह एवं डॉ. एम. तौसीफ ने शनिवार को धनबाद परिसदन में उन कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जो हाल ही में जिला कांग्रेस कमिटी में पदाधिकारी नहीं बनाए जाने को लेकर अपनी नाराजगी एवं असंतोष व्यक्त कर रहे थे। समिति के सदस्यों ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और उनके सुझावों एवं शिकायतों से अवगत हुए।

इसके पूर्व शुक्रवार को जांच समिति ने धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों, विभिन्न मंच-मोर्चा संगठनों के अध्यक्षों, प्रखंड एवं नगर कांग्रेस अध्यक्षों सहित सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भावनाओं तथा विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की थी।

दो दिनों तक सभी पक्षों से बातचीत और विचार-विमर्श के बाद जांच समिति के सदस्यों ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इस अवसर पर धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुरेंद्र सिंह एवं डॉ. एम. तौसीफ ने कहा कि धनबाद कांग्रेस में किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं है। कुछ कार्यकर्ताओं की भावनाएं और अपेक्षाएं थीं, जिन्हें समिति ने गंभीरता से सुना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन संगठन की मजबूती और पार्टी हित सर्वोपरि है।

जांच समिति के सदस्यों ने कहा कि सभी पक्षों ने संगठन की मजबूती के लिए मिल-जुलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धनबाद कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर संगठन को मजबूत करेंगे तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना सामूहिक रूप से करेंगे।

जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने भी संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान, संवाद और सामूहिक नेतृत्व में विश्वास करती है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से व्यक्तिगत नाराजगी को पीछे छोड़कर पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि धनबाद जिला कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है तथा सभी नेता और कार्यकर्ता संगठन एवं पार्टी की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इससे कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक माहौल और संगठनात्मक एकता का संदेश गया।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000