बगोदर के दोंदलो में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत और तीन घायल

बगोदर के दोंदलो में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत और तीन घायल

​बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो के समीप बालू से लदे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक तेरह वर्षीय बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ऑटो पर सवार उसकी मां समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

​हादसे के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सरिया की ओर से अवैध बालू लादकर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बगोदर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान दोंदलो के पास उक्त ट्रैक्टर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दोंदलो गांव निवासी तेरह वर्षीय किशोर मोहित रविदास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां रेशमी देवी और ऑटो में सवार अन्य महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

​हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर प्रखंड के उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, मुखिया तुलसी महतो, पोखन ठाकुर, लखन महतो और लखन पासवान सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे। उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह ने पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

​इस दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में अवैध बालू के परिवहन को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर धड़ल्ले से अवैध बालू ढोने वाले तेज रफ्तार वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर बगोदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000