बाघमारा में रफ्तार का कहर: कतरास कॉलेज के पास ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने पांच घंटे तक किया

बाघमारा में रफ्तार का कहर: कतरास कॉलेज के पास ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने पांच घंटे तक किया राष्ट्रीय राजमार्ग जाम
​बाघमारा: कतरास कॉलेज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या ३२ पर मंगलवार को तेज रफ्तार वाहनों के आतंक ने एक बार फिर एक परिवार का चिराग बुझा दिया। लंबे समय से खतरनाक मानकर कुख्यात हो चुके इस मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार २३ वर्षीय युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भट्टमुरना मोड़ निवासी संजय गुप्ता के पुत्र विवेक कुमार गुप्ता उर्फ सागर के रूप में हुई है। वह स्थानीय बाजार में बर्तनों की दुकान चलाता था। मंगलवार को विवेक अपनी बाइक से भट्टमुरना की ओर जा रहा था। इसी दौरान कतरास कॉलेज के पास स्थित पानी टंकी के समीप तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
​घंटों बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग
सड़क हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते कतरास कॉलेज के आसपास सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और व्यवसायी एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और इस मार्ग पर सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग ३२ को पूरी तरह से जाम कर दिया। इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत और प्रशासन द्वारा सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता राशि दिलाने के ठोस आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात बहाल कराया।
​सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बढ़ रहे हादसे
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कतरास कॉलेज के पास का यह क्षेत्र दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है। यहां न तो नियमानुसार गति अवरोधक बनाए गए हैं और न ही वाहनों की गति सीमा तय करने के लिए कोई पुख्ता उपाय किए गए हैं। क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मार्ग पर सुरक्षा के स्थायी और कड़े इंतजाम नहीं किए गए तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000