डिगवाडीह बिजली विभाग की खुली पोल: न मीटर रीडिंग, न अधिकारी! मनमाने बिल और जली बिजली बोर्ड से त्रस्त उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा

डिगवाडीह बिजली विभाग की खुली पोल: न मीटर रीडिंग, न अधिकारी! मनमाने बिल और जली बिजली बोर्ड से त्रस्त उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा

डिगवाडीह: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल डिगवाडीह कार्यालय में मंगलवार को उपभोक्ताओं का भारी गुस्सा देखने को मिला। मनमाने और अत्यधिक बिजली बिल, अधिकारियों की कुर्सी से लगातार अनुपस्थिति और 15 दिनों से बिजली बोर्ड जलने की शिकायत पर कोई सुनवाई न होने से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने कार्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

कुर्सी से गायब रहते हैं अधिकारी, आउटसोर्स कर्मचारियों के भरोसे दफ्तर

विरोध कर रहे उपभोक्ताओं का साफ आरोप है कि डिगवाडीह विद्युत कार्यालय में कोई भी जिम्मेदार सरकारी अधिकारी या एसडीओ (SDO) अपनी कुर्सी पर उपस्थित नहीं रहते हैं। पूरा दफ्तर ठेकेदार द्वारा बहाल किए गए प्राइवेट कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है। जब उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं, तो कोई भी संतोषजनक जवाब देने वाला नहीं होता। सुबह के वक्त भी जब अधिकारी को कुर्सी पर होना चाहिए, उस समय भी अधिकारी नदारद रहते हैं। उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि अपनी समस्या किसे दिखाएं और किससे गुहार लगाएं?

96 दिनों से नहीं हुई मीटर रीडिंग, थमाया जा रहा अनुमानित मोटा बिल

वार्ड नंबर 40 के रहने वाले उपभोक्ता प्रभाष कुमार सिंह (उपभोक्ता संख्या: DPD03404, खाता संख्या: 72260002938) ने सहायक विद्युत अभियंता को दिए लिखित आवेदन में विभाग की बड़ी लापरवाही को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 96 दिनों से उनके घर की मीटर रीडिंग नहीं ली गई है। वास्तविक खपत का हिसाब करने के बजाय विभाग द्वारा लगातार मनमाना और अनुमानित (Estimated) बिजली बिल भेजा जा रहा है, जिससे उन पर अनावश्यक वित्तीय बोझ पड़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द सही रीडिंग लेकर बिल दुरुस्त करने की मांग की है।

सुंदरपुर बस्ती में 15 दिनों से बिजली बोर्ड ठप, महिलाओं में भारी आक्रोश

वहीं दूसरी ओर, डिगवाडीह के सुंदरपुर बस्ती (वार्ड नंबर 42) की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने बताया कि पिछले 15 दिनों से बस्ती का बिजली बोर्ड जला पड़ा है। शिकायत करने के बावजूद विभाग का कोई मिस्त्री या कर्मी इसे ठीक करने नहीं पहुंचा। भीषण गर्मी और अंधेरे के कारण महिलाओं व बच्चों का जीना मुहाल हो गया है। दफ्तर पहुंचे उपभोक्ताओं और महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अधिकारियों ने दफ्तर में बैठकर जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया और बिजली आपूर्ति दुरुस्त नहीं की, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000