शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह

शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह

जलाराम मंदिर से निकली भव्य बारात, गरबा और भांगड़ा की धुन पर झूमे श्रद्धालु; सैकड़ों लोग बने मांगलिक आयोजन के साक्षी

झरिया।स्टेशन रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में रविवार की संध्या श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर जलाराम मंदिर से भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बारात झरिया के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए विवाह स्थल पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु गरबा और भांगड़ा की धुन पर झूमते रहे। आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक और बढ़ा दी।

विवाह समारोह में नरेश दवे एवं निशा दवे भगवान शालिग्राम को लेकर वर पक्ष की भूमिका में थे, जबकि दिनेश तिवारी एवं गौरी देवी माता तुलसी को लेकर कन्या पक्ष की ओर से उपस्थित थे। दिनेश तिवारी ने सपत्नीक कन्यादान का पवित्र दायित्व निभाया।

विवाह स्थल पर पहुंचने के बाद द्वार पूजन, समधी मिलन एवं वर परीक्षण सहित विभिन्न मांगलिक रस्में निभाई गईं। इसके पश्चात शंखपाणि एवं हस्तमिलाप जैसे वैवाहिक विधान वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच संपन्न हुए। पंडित मोहित पांडे ने पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया।

इस अनूठे धार्मिक आयोजन को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। बारात निकलने से पूर्व बारातियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

समारोह की सफल व्यवस्था में मंदिर संचालन के व्यवस्थापक हरीश जोशी, पंकज मपारा, नरेश दवे, प्रद्युम्न दवे, मयूर शर्मा राजेश ठक्कर, हर्ष दवे, चेतन मपारा, शारदा जोशी, वीणा मपारा, शीतल ठक्कर, गीताबेन ठक्कर, पुष्पा बेन ठक्कर, जयश्री बेन, बलदेव पांडे राम श्रेष्ठ झा सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और मांगलिक उल्लास से सराबोर रहा।

 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000