भौरा में ओबी डंप का कहर: BCCL प्रबंधन व स्थानीय थाना प्रभारी की घोर लापरवाही ने ली कौशल्या देवी की जान, मुआवजे पर बवाल

भौरा में ओबी डंप का कहर: BCCL प्रबंधन व स्थानीय थाना प्रभारी की घोर लापरवाही ने ली कौशल्या देवी की जान, मुआवजे पर बवाल

भौरा, धनबाद। भौरा 19 नंबर क्षेत्र में देव प्रभा कंपनी द्वारा किए जा रहे ओबी डंपिंग कार्य के दौरान सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि कौशल्या देवी सुबह करीब 6:00 बजे शौच करने गई थी, उसी दौरान अचानक एक बड़ा सा बोल्डर आकर गिरा और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने इस मौत के लिए सीधे तौर पर BCCL प्रबंधन, आउटसोर्सिंग कंपनी और स्थानीय थाना प्रभारी की कार्यशैली व लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि बिना किसी ठोस सुरक्षा मानक और निगरानी के धड़ल्ले से ओबी डंपिंग का काम चल रहा है, जबकि प्रशासन और प्रबंधन आंख मूंदे बैठे हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने मौके पर जुटकर विरोध जताया तथा मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जोरदार मांग की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने समेत आगे की कानूनी व जांच प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक लापरवाह अधिकारियों व कंपनी प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक लोगों का आक्रोश शांत नहीं होगा।

इस पूरे मामले पर झरिया विधानसभा (पथ निर्माण विभाग) के विधायक प्रतिनिधि उमेश कुमार यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तीखी प्रतिक्रिया दी। उमेश कुमार यादव ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे स्थानीय निवासियों से उन्हें सूचना मिली कि ओबी डंप में दबकर एक महिला की मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि महिला मृत पड़ी है और पूरे मोहल्ले के लोग एकत्रित हैं। इसके बाद उन्होंने वहीं से जीएम को फोन कर घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक जीएम ने एजीएम और एजेंट को पीड़ित परिवार व स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत के लिए भेजा।

उमेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान पीड़ित परिवार ने मुआवजे के तौर पर 20 लाख रुपये और आउटसोर्सिंग में एक नौकरी की मांग रखी, लेकिन कंपनी के पदाधिकारी ने मात्र 1 लाख रुपये की बात कहकर जख्म पर नमक छिड़कने का काम किया। इसी गैर-जिम्मेदाराना रवैये से पब्लिक आक्रोशित हो गई और नतीजतन लोगों ने शव को लाकर रख दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक इसी तरह कार्य बंद रहेगा और वे जनता के साथ खड़े हैं व खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना की सूचना महापौर और स्थानीय विधायक श्रीमती रागिनी सिंह जी को दे दी गई है, जिन्होंने जनता के साथ खड़े रहने का निर्देश दिया है। साथ ही जनता श्रमिक संघ के एरिया सचिव सोनू सिंह, भाजपा और अन्य स्थानीय लोग भी आंदोलन में साथ खड़े हैं।

मृतका के परिजनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने स्पष्ट मांग रखी है कि पीड़ित परिवार को तत्काल 20 लाख रुपये मुआवजा व आउटसोर्सिंग में नौकरी मिले, कंपनी व संबंधित जिम्मेदार लोगों की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में डंपिंग के दौरान सख्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी और की जान न जाए।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000